मानहानिकारक पोस्ट और वीडियो अपलोड करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार
. पुलिस ने पहले भी नोटिस जारी कर इस तरह के अपराध न करने और साक्ष्यों से छेड़छाड़ नहीं करने की हिदायत दी थी
. शर्तों का उल्लंघन करने और डिजिटल साक्ष्य मिटाने के आरोपों के चलते गिरफ्तार किया
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)।
सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भ्रष्टाचार संबंधी असत्य एवं मानहानिकारक आरोप और आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रसारित करने के मामले में ठियोग की पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार आरोपी ने आस्था फाउंडेशन ठियोग ट्रस्ट के नाम से संचालित फेसबुक पेज पर शिकायतकर्ताओं के खिलाफ कथित तौर पर मानहानिकारक पोस्ट और वीडियो अपलोड किए थे। इस मामले में ठियोग थाने में 13 अगस्त को बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी सुशील शर्मा उर्फ सुनील शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रसारित करने के संबंध में 18 नवंबर को भी एक अन्य एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी को पहले भी बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी कर भविष्य में इस तरह के अपराध न करने और साक्ष्यों से छेड़छाड़ नहीं करने की हिदायत दी गई थी। इसके बावजूद इसी प्रकृति के अन्य मामले सामने आने, पूर्व नोटिस की शर्तों का उल्लंघन करने और डिजिटल साक्ष्य मिटाने के आरोपों के चलते उसे गिरफ्तार किया गया।