कोटखाई (रोहड़ू)। क्षेत्र में इंडियन गैस की टीम गांव-गांव जाकर गैस कनेक्शनों की जांच कर रही है। तेल एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार यह सुरक्षा निरीक्षण करवाना सभी उपभोक्ताओं के लिए अनिवार्य किया गया है। जो उपभोक्ता निरीक्षण करवाने से करेंगे, वे इंडियन गैस की ओर से दी जाने वाली सुरक्षा बीमा सुविधा के लिए पात्र नहीं होंगे। इस जांच प्रक्रिया के तहत उपभोक्ताओं की केवाईसी, गैस पाइप की स्थिति समेत अन्य जरूरी पहलुओं की जांच की जा रही है। निरीक्षण के लिए इंडियन गैस की ओर से पांच साल के लिए कुल 236 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है, जिसे निरीक्षण के दौरान उपभोक्ताओं को देना होगा। यदि गैस पाइप खराब पाया जाता है, तो उसे बदलने के लिए 190 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। मां तारा गैस एजेंसी कोटखाई के संचालक जोगिंद्र कंवर ने बताया कि अभी तक कोटखाई क्षेत्र की केवल तीन पंचायतों में ही निरीक्षण हो पाया है, जबकि कुल 27 पंचायतों में यह कार्य किया जाना है।