50 फीसदी होटलों की एडवांस बुकिंग, साफ वातावरण पर्यटकों को कर रहा आकर्षित
विज्ञापन
. कारोबारियों, होटल और होम स्टे संचालकों के भी चेहरे खिले
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। बर्फबारी के बीच नए वर्ष के जश्न की आस लिए पर्यटकों ने पहाड़ों की ओर रुख करना शुरू कर दिया है। किन्नौर जिले के प्रसिद्ध पर्यटक स्थलों में भारी संख्या में पर्यटकों का आना शुरू हो गया है। इन दिनों किन्नौर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कल्पा, सांगला और छितकुल में पर्यटकों को रौनक है। नए साल को लेकर प्रमुख स्थलों पर होटलों में 50 फीसदी तक एडवांस बुकिंग हो गई है। सैलानियों की सबसे अधिक संख्या कल्पा, छितकुल और सांगला में देखने को मिल रहा है। कल्पा और सांगला पर्यटकों के लिए घूमने की खास जगह बन गई है। बर्फ के बीच नए साल के जश्न की आस लिए यहां पहुंच रहे हैं। यहां का प्राकृतिक सौंदर्य और साफ वातावरण ने पर्यटकों को आकर्षित किया है। जिले के कल्पा में सैलानियों की अच्छी खासी भीड़ जुट रही है। सुसाइड प्वांइट पर भारी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। कल्पा सुसाइड प्वाइंट के पास पर्यटकों के वाहनों की लंबी कतारें भी लगी रही हैं। दिल्ली, मध्य प्रदेश और मुंबई महानगर से भी पर्यटक कल्पा पहुंच रहे हैं। पर्यटकों ने बताया कि दिल्ली के प्रदूषण ने बहुत परेशानी हो रही है, लेकिन किन्नौर में पहुंच चैन मिल रहा है। उधर, पर्यटकों के भारी संख्या में पहुंचने से कारोबारियों, होटल और होम स्टे संचालकों के भी चेहरे खिले हुए हैं।