राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आनी में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। आनी मुख्यालय स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आनी में शुक्रवार को नए शैक्षणिक सत्र 2025-26 का शुभारंभ हो गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रशासन और एसएमसी ने नए विद्यार्थियों का स्वागत किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य जवाहर ठाकुर ने कहा कि 2016 में स्थापित इस विद्यालय ने शिक्षा, खेल, विज्ञान, सांस्कृतिक और अन्य क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। इस विद्यालय में पढ़ाई का माहौल बहुत अनुकूल है और यहां के योग्य स्टाफ के कारण विद्यालय ने कई बार उत्कृष्टता प्राप्त की है। प्रधानाचार्य ने कहा कि विद्यालय ने अंडर-14 और 19 खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में तीन बार जिला और राज्य स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। वॉलीबाल, खो-खो और कबड्डी में विद्यालय की छात्राओं ने राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। इसके अलावा, भाषण, लोकनृत्य, एकांकी और युवा संसद जैसे क्षेत्रों में भी विद्यालय का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष विद्यालय का वार्षिक परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहता है और कई छात्राएं बोर्ड परीक्षा में मेरिट लिस्ट में भी जगह बना चुकी हैं। विद्यालय में डिजिटल क्लासेज, स्मार्ट क्लासेज, पुस्तकालय और कंप्यूटर लैब जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। एनएसएस यूनिट और अन्य क्लब्स भी विद्यार्थियों के समग्र विकास में मदद करते हैं। एसएमसी अध्यक्ष चमन शर्मा ने भी प्रधानाचार्य जवाहर ठाकुर और उनकी टीम की सराहना करते हुए आमजन से अपील की कि वे अपनी बेटियों को इस विद्यालय में दाखिला दिलाएं।