डंसा पंचायत में आयोजित एंटी चिट्टा ग्राम सभा में मौजूद महिलाएं। संवाद
डंसा में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने ली नशे के खात्मे की शपथ
ग्रामसभा में कहा-ग्राम स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं करवाई आवश्यक
संवाद न्यूज एजेंसी
डंसा (रामपुर बुशहर)। उपमंडल की डंसा पंचायत में वीरवार को चिट्टा मुक्त अभियान के तहत ग्राम सभा का आयोजन हुआ। इसमें पंचायत प्रधान देश कुमार हुडन ने जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को नशे के खात्मे की शपथ दिलाई l ग्राम सभा में उपस्थित सभी स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने इस मुहिम को सिरे चढ़ाने के मकसद से पंचायत को सहयोग देने के प्रति आश्वस्त किया। रायल क्लब जगूणी के सलाहकार राज मेहता ने बताया कि ग्राम स्तर पर समय-समय पर पंचायत के माध्यम से खेल प्रतियोगिताएं करवाई जानीं आवश्यक हैं l इससे ग्रामीण क्षेत्रों में छुपी प्रतिभाओं को निखरने का अवसर मिलेगा और युवाओं को नशे के जाल से बाहर निकाला जा सकता है। आंगनबाड़ी सक्रिय कार्यकर्ता कमलेश नेगी ने चिट्टे के खिलाफ हर घर में परिवार को जागरूक करने पर बल दिया l महिला मंडल कराली की प्रधान उमा नेगी ने सुझाव दिया कि पंचायत को नशा मुक्त करवाने में महिलाओं को समय-समय पर जागरूक करने का बीड़ा उठाना चाहिएI पंचायत सचिव एवं ग्राम विकास अधिकारी मदन ने कहा कि चिट्टा मुक्त हिमाचल को बनाने के मकसद से पंचायत स्तर पर अभियान चलाकर लोगों को नियमित जागरूक करने के लिए प्रेरित करेंगे। पर्यवेक्षक की भूमिका में उपस्थित बाल विकास परियोजना आंगनबाड़ी वृत्त डंसा ने भी अभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाने में लोगों से अपील की है। इस अवसर पर पंचायत प्रधान देश कुमार हुडन, उप प्रधान जीएल डमालू, वार्ड पंच मेहर चंद भारद्वाज, मोहन लाल, सपना नेगी, शांति नेगी, शांति देवी, मीना, मीरा कश्यप, नीता नेगी, उमा नेगी, प्रेम प्यारी और निर्मला धीमान सहित विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।