केमिस्ट और ड्रगिस्ट एसोसिएशन की हड़ताल का असर
कई लोग दवाइयां खरीदने रामपुर से खनेरी पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। केमिस्ट और ड्रगिस्ट एसोसिएशन की हड़ताल के कारण बुधवार को रामपुर सहित आसपास के क्षेत्रों की सभी दवा दुकानें बंद रहीं। क्षेत्र के लोगों को दवाओं के लिए भटकना पड़ा। रामपुर शहर पहुंचे लोग बाजार का चक्कर लगाने के बाद खाली हाथ लौटे। हालांकि, कई लोग दवाइयां खरीदने रामपुर से खनेरी पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने सिविल सप्लाई की दुकान से दवाएं खरीदीं, लेकिन यहां भी कई लोगों को जरूरत के मुताबिक दवाएं नहीं मिल पाईं। बुधवार को केमिस्ट एसोसिएशन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का असर रामपुर में भी दिखा। क्षेत्र की हिमानी, राजवंती, हिमेश कुमार, राहुल, लक्की ठाकुर, राजेश कुमार, आनंद कुमार सहित अन्य लोगों ने कहा कि वे दूरदराज के क्षेत्रों से दवा खरीदने रामपुर पहुंचे, लेकिन यहां आकर पता चला कि दवा विक्रेता हड़ताल पर चले गए हैं। पूरा दिन लोग दवाओं के लिए भटकते रहे। कई लोगों को दवाएं खरीदने के लिए रामपुर से खनेरी पहुंचना पड़ा, लेकिन यहां भी कई दवाएं उपलब्ध नहीं हो पाई, जिस कारण लोगों को निराश वापस लौटना पड़ा।