ठियोग में यातायात नियमों को लेकर व्यवस्था बनाने में जुटे पुलिस जवान। संवाद
. रहीघाट से प्रेमघाट मार्ग पर ट्रैफिक सुधारने को लेकर अभियान जारी
. शहर में बढ़ती यातायात समस्या के चलते पुलिस ने कसी कमर
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)।
ठियोग कस्बे में बढ़ती यातायात समस्या को देखते हुए रहीघाट से प्रेमघाट के बीच ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस का विशेष अभियान तीसरे दिन भी जारी रहा। सड़क के किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाने के लिए चलाए जा रहे इस अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी श्याम तोमर कर रहे हैं। अभियान के तहत पुलिस टीम ने सबसे पहले सड़क पर खड़े वाहनों पर नोटिस चिपकाकर वाहन मालिकों से वाहनों को तुरंत हटाने का आग्रह किया। इसके बाद जिन वाहन मालिकों ने निर्देशों की अनदेखी की, उनके खिलाफ पुलिस ने चालान की कार्रवाई की। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई का असर सड़क पर साफ दिखाई देने लगा है। पहले जहां सड़क के दोनों ओर खड़े वाहनों के कारण रहीघाट से प्रेमघाट तक का मार्ग बेहद तंग हो जाता था और अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी, वहीं अब सड़क काफी खुली नजर आने लगी है। इससे यातायात सुचारु रूप से चलने लगा है और लोगों को भी राहत महसूस हो रही है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय से इस मार्ग पर अवैध पार्किंग के कारण परेशानी बनी हुई थी। कई बार दो वाहन आमने-सामने आने पर जाम लग जाता था। पुलिस के इस अभियान के बाद यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जगी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और सड़क के किनारे अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों को निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करें ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।