चियोग में आयोजित वल्र्ड आइस स्केटिंग दिवस पर मौजूद प्रतिभागी। स्रोत : एसोसिएशन
एसोसिएशन ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता और खेलो इंडिया के प्रशिक्षण शिविरों की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)।
उपमंडल ठियोग के चियोग में रविवार को जिला शिमला आइस स्केटिंग एसोसिएशन ने वर्ल्ड आइस स्केटिंग डे मनाया। इस विशेष आयोजन में जिले के 36 बच्चों ने भाग लिया और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान हिमाचल आइस स्केटिंग एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रदीप कंवर ने मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में आगामी दिनों में रिंक पर स्थानीय युवाओं के लिए नियमित प्रशिक्षण शुरू करने और बर्फ की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने पर चर्चा की। आयोजकों ने बताया कि आने वाले समय में इस मैदान में आइस स्केटिंग के प्रशिक्षण शिविर लगाए जाएंगे और प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी, ताकि क्षेत्र के बच्चे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। मंदिर कमेटी के सदस्य सोहन ठाकुर और कुलदीप वर्मा ने भविष्य में होने वाले हर आयोजन में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस दौरान मंदिर कमेटी ने बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था की। रविवार को हुए कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को खेलों के प्रति जागरूक करना, नशे और मोबाइल फोन की लत से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश आइस स्केटिंग एसोसिएशन ने देहरादून में होने वाली नेशनल आइस स्केटिंग प्रतियोगिता और खेलो इंडिया खेलो के प्रशिक्षण शिविरों के बारे में जानकारी दी।