राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी वीरवार देर शाम सांगला
स्पीति की तर्ज पर किन्नौर में भी दिया जाएगा आईस स्केटिंग खेलों को बढ़ावा : नेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। राजस्व एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने वीरवार शाम को जिले के सांगला स्थित आईस स्केटिंग रिंक में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से आईस स्केटिंग से संबंधित खेलों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है और स्पीति की तर्ज पर जनजातीय जिला किन्नौर में इसे बढ़ावा देने का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों से जिले में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों की आय में बढ़ोतरी होगी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस प्रकार की खेल गतिविधियों के आयोजन से आने वाले समय में किन्नौर के युवाओं को अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्राप्त होगा और जिला किन्नौर का नाम विश्व पटल पर होगा। उन्होंने जिला के युवाओं को साहसिक खेलों से जुड़ने का भी आग्रह किया, ताकि जिला और प्रदेश का नाम रोशन हो सके। इस मौके पर राजस्व मंत्री ने आईस हॉकी के खिलाड़ियों को सम्मानित किया और उनके बेहतर भविष्य के लिए हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आनंद कुमार, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अभिषेक शर्मा, बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता टाशी नेगी सहित अन्य मौजूद रहे।