रोहडू़। टिक्कर तहसील के तहत कशैणी कैंची पर मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां रोहडू़ से नारकंडा के लिए चली परिवहन निगम की बस कशैणी कैंची के समीप फिसल गई। इससे बस पीछे की ओर खिसकने लगी। इसी बीच बस के परिचालक ने सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से टाल दिया। परिचालक ने बस के टायर सड़क से बाहर होने से पहले तेजी से उतर पर टायर के नीचे पत्थर फंसाकर 50 यात्रियों की जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 11:15 बजे कशैणी कैंची पर परिवहन निगम की बस की ब्रेक फेल हो गई। उस समय बस में करीब पचास लोग सवार बताए जा रहे हैं। यानी बस क्षमता से अधिक यात्रियों से भरी हुई थी। इसकी सूचना मिलने के बाद परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल शर्मा मौके पर पहुंचे।
उन्होंने कहा कशैनी कैंची बस मोड़ने के लिए बहुत तंग है। जब चालक ने बस को पीछे किया तो फिसलकर बस सड़क से बाहर होने लगी। इसी बीच परिचालक ने पत्थर लगाकर बस को खाई में गिरने से बचाया है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के कारण खराब सड़क पर बड़ा हादसा होने से टला है। बस को निकालने के बाद रोहडू पहुंचाया गया है।