रिकांगपिओ (किन्नौर)। स्वास्थ्य विभाग, किन्नौर ने शिक्षा विभाग के सहयोग से जनजातीय जिले में सोमवार को विशेष एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया किया। इसके तहत विभिन्न स्कूलों की 50 बालिकाओं को वैक्सीन लगाई गई। कार्यकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी किन्नौर डॉ. सुधीर नेगी ने बताया कि यह विशेष अभियान उन सरकारी और निजी स्कूलों में चलाया गया, जहां एचपीवी टीकाकरण के लिए पात्र वंचित बालिकाओं की संख्या पांच से अधिक थी। इसके अतिरिक्त यह अभियान जिला टास्क फोर्स फॉर इम्यूनाइजेशन बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुरूप आयोजित किया गया। अभियान में उप निदेशक उच्चतर शिक्षा किन्नौर कुलदीप सिंह डोगरा की सक्रिय भागीदारी एवं समन्वय रहा। स्वास्थ्य विभाग की टीमों में जिला टीकाकरण अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी, वैक्सीनेटर, वेरिफायर और आशा कार्यकर्ता शामिल रहे।