बैहना पंचायत के प्रतिनिधिमंडल ने मिल्क फेडरेशन के चेयरमैन के समक्ष उठाया मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
दलाश (कुल्लू)। आनी क्षेत्र की बैहना पंचायत में वर्ष 2024 से बंद पड़ी स्कूल बस सेवा जल्द बहाल होने की उम्मीद जगी है। इस समस्या को लेकर जिला परिषद प्रत्याशी रहे श्यामानंद, ग्रामीण विनोद कुमार की अगुवाई में पंचायत के प्रतिनिधिमंडल ने मिल्क फेडरेशन के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उनके समक्ष बस सेवा बंद होने से विद्यार्थियों और आम जनता को पेश आ रही परेशानी को उठाया। ग्रामीणों के अनुसार बस सेवा बंद होने से धार जमेडी, जगेहड़, पांजवी, शुश, मुंगरी और तिहनी क्षेत्र के लूहरी स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसके अलावा इन क्षेत्रों के लोगों को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बस सेवा बहाल करवाने के लिए वे पहले भी कई बार परिवहन निगम और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सरकार तक अपनी मांग पहुंचा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद बुद्धि सिंह ठाकुर ने बस सेवा जल्द बहाल करवाने का आश्वासन दिया। इस आश्वासन से क्षेत्र के लोगों में राहत की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही बस सेवा बहाल होगी, जिससे विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने और आम जनता को आवागमन में सुविधा मिलेगी।