ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। ज्यूरी मेमोरियल मैदान में रविवार को हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। व्यापार मंडल ज्यूरी के अध्यक्ष जय प्रकाश दंगल बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। ब्रह्मकुमारी प्रजापिता ईश्वरीय विश्वविद्यालय ज्यूरी की शिक्षिक डोलमा बतौर वरिष्ठ अतिथि शामिल हुईं। मुख्य अतिथि के दीप प्रज्वलन के बाद संस्कार पक्ष और हनुमान चालीसा का पाठ किया। कार्यक्रम के दौरान ज्यूरी, कोछड़ी, डवारच एकल विद्यालय के विद्यार्थियों ने लोकनृत्य और पहाड़ी नृत्य की प्रस्तुति दी। महिला मंडल ज्यूरी ने भी भजन और समूहगान की प्रस्तुति दी। शिव कुमार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ रामपुर के विभाग प्रचारक कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का शताब्दी वर्ष चल रहा है। जगह-जगह हिंदू सम्मेलन समितियां हिंदू सम्मेलन का आयोजन करवा रहे हैं। शताब्दी वर्ष में संघ पंच परिवर्तन पर कार्य कर रहा है। उन्होंने हिंदू समाज में समरसता लाने, पर्यावरण का संरक्षण करने और स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करने का आह्वान किया। वरिष्ठ अतिथि डोलमा ने बताया कि सनातन धर्म दुनिया का सबसे पुराना और सर्वश्रेष्ठ है। हम सब हिंदुओं को अपने धर्म के संरक्षण के लिए हमेशा आगे आने की आवश्यकता है। इस अवसर पर रामपुर के बीडीसी उपाध्यक्ष रूपेश्वर सिंह, ज्यूरी पंचायत के उप प्रधान अरुण शर्मा, बधाल पंचायत के उप प्रधान संजय जिंटू, सिद्ध योगी बाबा हेमराज, व्यापार मंडल के सचिव सुनील शर्मा, हिंदू सम्मेलन के संयोजक सुनील गुप्ता, वेद, सुशील, प्रोमिला और कोकिला सहित कई लोग उपस्थित रहे।