रिकांगपिओ (किन्नौर)। हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की ओर से जिले के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिवारों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 50.51 लाख रुपये के लाभ प्रदान किए गए। जिले में 134 लाभार्थियों को इन योजनाओं का लाभ मिला है। इनमें मातृत्व लाभ, विवाह सहायता, शिक्षा छात्रवृत्ति, चिकित्सा एवं मेडिकल सहायता, बीमा, आवास सहायता और मुख्यमंत्री एकल नारी आवास योजना सहित विभिन्न योजनाएं शामिल हैं। जिला श्रम कल्याण अधिकारी किन्नौर सपन जसरोतिया ने बताया कि बोर्ड की ओर से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि योजनाओं का लाभ प्राप्त करने वाले सभी लाभार्थी अपने बीओसीडब्ल्यू पहचान पत्र में संबंधित लाभ की प्रविष्टि अवश्य करवाएं। इससे श्रमिकों को भविष्य में प्राप्त योजनागत लाभों का सही रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा।