कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। कुमारसैन में भारी बारिश से एक किसान की सब्जियों और संपत्ति को लाखों का नुकसान पहुंचा है। दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से उपमंडल की जंजैली पंचायत के निवासी महेंद्र ठाकुर के खेतों में सड़क का पानी और मलबा आ रहा है। इससे खेतों में बोई सब्जियों को नुकसान पहुंच रहा है। साथ ही उनके पुराने मकान में भी पानी भर जाने से संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। पीड़ित किसान ने इसके लिए लोक निर्माण विभाग को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है। महेंद्र ठाकुर ने बताया कि बड़ागांव सब डिवीजन के अंतर्गत आने वाली चमोला-कांगल-थाथलनाला सड़क पर चमोला के पास विभाग की ओर से लगाए गए कलवर्ट और जल निकासी व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। इसके कारण बारिश का पूरा पानी उनके खेतों की ओर मुड़ जाता है, जिससे हर वर्ष उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों से वह इस समस्या को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों से लगातार संपर्क कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। उधर, लोक निर्माण विभाग बड़ागांव सब डिवीजन के सहायक अभियंता छबिंद्र का कहा कि शीघ्र ही मौके का निरीक्षण किया जाएगा। स्थिति का आकलन करने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यथासंभव कदम उठाए जाएंगे।