रिकांगपिओ (किन्नौर)। स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का बुधवार को क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने शुभारंभ किया। अभियान में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे। इसमें पंचायती राज कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वयं सहायता समूहों और स्कूल शिक्षकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। 19 सितंबर और 1 अक्तूबर को विशेष प्रसव पूर्व जांच शिविर लगाए जाएंगे। शिविर में एचआईवी, एवीडीआरएल और सिफलिस सहित अन्य बीमारियों की भी जांच की जाएगी। सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच करेगी। शुभारंभ पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी राकेश गोयल और अस्पताल के कर्मचारी उपस्थित रहे।