चौपाल (रोहड़ू) व्यापार मंडल चौपाल की बैठक शनिवार को अध्यक्ष राजेश चंदेल की अध्यक्षता में हुई। इसमें कोरोना वायरस के विश्वव्यापी संक्रमण से बचाव के लिए एहतियात बरतने पर चर्चा की गई। अध्यक्ष राजेश चंदेल ने कहा कि रविवार को सभी व्यापारी जनता कर्फ्यू का पालन करेंगे। सोमवार व मंगलवार को भी चौपाल में बाजार बंद रहेगा। उन्होंने कहा कि जब मार्केट बंद रहेगी तो लोगों का आना जाना भी कम होगा। इससे हम कोरोना संक्रमण की चैन को तोड़ सकते हैं। उन्होंने व्यापारियों को तीन दिन घर पर ही रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि कोई व्यापारी सामान लाने के लिए 14 दिनों तक बाहर न जाए और यदि कोई व्यापारी बाहर है तो 14 दिन तक वापस न आए। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण से सभी को स्वयं बचना होगा। तभी हम अपने परिजनों को सुरक्षित रख सकते हैं।