92 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। सिविल अस्पताल ठियोग में रोटरी क्लब की ओर से आयोजित नेत्र चिकित्सा शिविर में शनिवार को बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। शिविर के दूसरे दिन 815 लोगों की आंखों की जांच की गई। इनमें से 92 मरीजों को मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए चुना गया। इनके ऑपरेशन रविवार को होंगे। पालमपुर के मरांडा रोटरी क्लब की विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सेवाएं दीं। डॉ. रोहित गर्ग और उनकी टीम ने आंखों की रोशनी समेत विभिन्न जांचें कीं। जिन मरीजों में मोतियाबिंद या अन्य समस्याएं पाई गईं, उन्हें उपचार और सावधानियों के निर्देश दिए गए। रोटरी क्लब के अध्यक्ष संजय सूद ने बताया कि क्लब का उद्देश्य जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है।