रामपुर में परिवहन निगम की कार्यशाला में कर्मचारियों की हुई स्वास्थ्य जांच। स्रोत : विभाग
एचआरटीसी कार्यशाला में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। संभव जन कल्याण ट्रस्ट ने आरोग्य हेल्थ एंड वेलनेस और टेस्टिंग पॉइंट क्लिनिकल लेबोरेटरी के सहयोग से हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) रामपुर की कार्यशाला में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया। शिविर में एचआरटीसी में कार्यरत सभी कर्मचारियों का हाइट, वजन, शुगर, ब्लड प्रेशर सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी जांच निशुल्क की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह भी दी। शिविर में डॉ. आंचल शर्मा कटोच सहित उनकी टीम ने कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री हरीश कुमार पराशर ने निगम प्रबंधन की ओर से कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लगाए गए इस स्वास्थ्य जांच शिविर का स्वागत किया है। हरीश कुमार पराशर ने प्रबंधन से मांग की है कि रामपुर की तर्ज पर एचआरटीसी के अन्य डिपो, कार्यशालाओं और कार्यस्थलों पर भी समय-समय पर कर्मचारियों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएं ताकि कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उनके कार्यस्थल पर ही उपलब्ध हो सकें।