रामपुर बुशहर। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर परिषद रामपुर में 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन ने बुधवार को सफाई कर्मियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया। शिविर में रामपुर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले नगर परिषद के 90 ठेका सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की गई। शिविर में परियोजना के चिकित्सकों की टीम ने सफाई कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच की। शिविर में कर्मचारियों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ चिकित्सकों ने उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और परेशानियों की जानकारी ली। जांच के बाद चिकित्सकों ने कर्मचारियों को आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया और जरूरत के अनुसार दवाइयां वितरित कीं। नगर परिषद अध्यक्ष करण शर्मा ने स्वास्थ्य जांच शिविर के आयोजन पर नाथपा झाकड़ी परियोजना प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। । परियोजना की मोबाइल हेल्थ केयर यूनिट के डॉक्टरों, कर्मचारी, नगर परिषद के सहायक अभियंता, खंड विकास अधिकारी रामपुर कार्यालय से आए कर्मचारियों के साथ अन्य लोगों ने शिविर में भाग लिया। शिविर के सफल आयोजन पर नप के सहायक अभियंता अनिल गौतम ने सभी अधिकारियों, डॉक्टर, सफाई मित्रों और परिषद कर्मचारियों का आभार जताया।