एचएएस अंकुश कुमार ने संभाला बीडीओ रामपुर का पदभार। संवाद
अंतिम व्यक्ति तक जन कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाना रहेगी प्राथमिकता
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर विकास खंड में नए खंड विकास अधिकारी की नियुक्ति हो गई। साढ़े तीन माह से रिक्त पड़े खंड विकास अधिकारी का पदभार एचएएस अंकुश कुमार ने संभाला है। उनकी रामपुर विकास खंड के 49वें बीडीओ के रूप में हुई है। पदभार संभालने के बाद अंकुश कुमार ने कहा कि अंतिम व्यक्ति तक सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। हिमाचल प्रशासनिक सेवा अधिकारी अंकुश कुमार ने सोमवार को सहायक आयुक्त एवं खंड विकास अधिकारी रामपुर का पदभार संभाला। अंकुश मूलत: जिला कुल्लू के निरमंड उपमंडल से संबंध रखते हैं। सोमवार को पदभार ग्रहण करते वक्त वह अपने परिजनों के साथ खंड विकास कार्यालय पहुंचे। यहां पहुंचने पर खंड विकास कार्यालय में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अंकुश ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए वह तत्परता से कार्य करेंगे। विकास कार्यों को गति देना, पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना भी उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए ग्रामीण विकास को नई गति देने की अपील की। कहा कि प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाएगा।