आनी(कुल्लू)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद रामपुर की ओर से आयोजित जिला स्तरीय स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में लॉरेंस पब्लिक स्कूल आनी के छात्र हर्षित ने पहला स्थान पाया है। छात्र की इस उपलब्धि पर लॉरेंस पब्लिक स्कूल आनी के प्रधानाचार्य कंवर चौहान ने खुशी व्यक्त की है। कंवर चौहान ने बताया कि लॉरेंस पब्लिक स्कूल आनी शिक्षा के साथ-साथ हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। स्कूल के कई उत्कृष्ट छात्र आज सरकारी व निजी क्षेत्र में उच्च पदों पर आसीन हैं। संगठनात्मक जिला रामपुर की ओर से आयोजित जिला स्तरीय स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में स्प्रिंगडेल पब्लिक स्कूल खनेरी रामपुर की दिक्षा ने द्वितीय और पीएमश्री जमा दो विद्यालय करसोग के छात्र गौरव शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया है।