जंगली जानवरों के हमलों से बचाव के लिए दिशा-निर्देश जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। कोटगढ़ वन क्षेत्र और आसपास के क्षेत्रों में भालू और तेंदुए की गतिविधियां बढ़ रही हैं। वन विभाग ने जंगली जानवरों के हमलों से बचाव के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। वन परिक्षेत्र अधिकारी कोटगढ़ अजय खौश ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। वन्य जीवों के प्रति सतर्कता और सावधानी बरतें। सुबह और शाम के समय समूह में चलें, अकेले न निकलें। जंगल में जाते हुए किसी भी प्रकार का खाने का सामान लेकर न जाएं और जंगल में न बैठें। शोर मचाते हुए चलें, ताकि वन्य जीवों को आपकी उपस्थिति का आभास हो सके। यदि भालू या उसके पाँव के निशान, मल आदि दिखाई दें, तो तुरंत वन विभाग को सूचना दें। घर के आसपास और जंगल में भोजन का कचरा या फलों को खुले में न छोड़ें। जहां संभव हो, विशेषकर बगीचों और पशुओं के क्षेत्रों में बाड़बंदी करें। घर के आसपास रोशनी की उचित व्यवस्था रखें और खेतों, घरों के आसपास झाड़ियों को काटें। बगीचों में लाल मिर्च के धुएं का उपयोग करें, ताकि भालू उस स्थान पर न आए। बच्चों और बुजुर्गों को अकेले वन क्षेत्र की ओर न जाने दें। घरेलू पशुओं को रात में जंगल की सीमा के पास खुला न छोड़ें। भालू या अन्य वन्य जीवों के वीडियो बनाने या पकड़ने का प्रयास न करें, तुरंत सूचना दें। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया है कि अपने पंचायत क्षेत्र में जन-जागरूकता बढ़ाएं। आवश्यकता होने पर वन विभाग की ओर से जागरूकता शिविर भी लगाए जाएंगे। भालू और तेंदुए की गतिविधि, हमले या किसी आपात स्थिति की सूचना तुरंत निकटतम वन कार्यालय, वन विभाग के नंबर 01782299302, 9646588301 पर दें।