रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल में कोविड-19 महामारी के चलते अब शादियों और अन्य समारोह में 100 से अधिक लोग शामिल नहीं हो पाएंगे। इसके अलावा शादी और अन्य समारोह में खाना बनाने और देने वालों की कोविड रिपोर्ट भी निगेटिव होनी चाहिए। तभी शादी में खाना बनाने और देने में शामिल हो सकते हैं। एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन ने बताया कि प्रदेश सरकार ने कोविड की बढ़ती रफ्तार के चलते शादी और अन्य समारोह में 100 लोगों को शामिल होने की अनुमति दी है। उन्होंने कहा कि समारोह में खाना बनने और देने वाले व्यक्तियों की कोविड-19 टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव होनी अनिवार्य है जो कि 96 घंटे से ज्यादा पुरानी नहीं होनी चाहिए। समारोह सहित कैटरिंग स्टाफ टेस्ट करवाने के लिए संबंधित तहसीलदार और नायब तहसीलदार से संपर्क करें। नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।