चियोग बाज़ार में खिलाड़ियों के अभिनंदन के दौरान उमड़ी भीड़। संवाद
खिलाड़ियों का ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। देहरादून में आयोजित आइस स्केटिंग एशियन गेम्स में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले हिमाचल के खिलाड़ियों का चियोग में रविवार को नागरिक अभिनंदन किया गया। देवता सोगू महाराज मंदिर कमेटी ने यह सम्मान समारोह आयोजित किया। समारोह में खिलाड़ी मोक्ष शर्मा, विख्यात कंवर, समर्थ, आराध्या शर्मा, आभास वर्मा, शुभम ठाकुर और अनिरुद्ध चंदेल को सम्मानित किया गया। कोच इक्ष्वाकु जस्ता, दिग्विजय राणा, रविंद्र वर्मा और मनोज चंदेल की भूमिका की भी सराहना हुई। उन्हें प्रशस्ति पत्र, ट्रॉफी और उपहार भेंट किए गए। बारिश के बावजूद ग्रामीणों और अभिभावकों में खासा उत्साह दिखा। खिलाड़ियों का ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। राष्ट्रीय बॉक्सिंग फेडरेशन के महासचिव और हिमाचल ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव राजेश भंडारी मुख्य अतिथि रहे। अभिभावकों और ग्रामीणों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया। मंदिर कमेटी ने मुख्य अतिथि राजेश भंडारी का भी सम्मान किया। चियोग बाजार से मंदिर परिसर तक स्वागत मार्च निकाला गया। राजेश भंडारी ने कहा कि एशियन गेम्स तक पहुंचना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है लेकिन खिलाड़ियों को अब इससे आगे बढ़कर ओलंपिक को अपना मुख्य लक्ष्य बनाना चाहिए। भंडारी ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है। भारतीय खिलाड़ियों को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के सामने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। उन्होंने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि लक्ष्य जितना बड़ा होगा, मेहनत और तैयारी भी उतनी ही मजबूत करनी होगी। राजेश भंडारी ने कोच की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि कोच खिलाड़ी को मैदान में उतरने के लिए तैयार करता है। खिलाड़ी की सफलता के पीछे कोच की मेहनत और रणनीति होती है। एक अच्छा कोच आत्मविश्वास और जीत का जज्बा पैदा करता है। इसलिए खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षकों का सम्मान भी जरूरी है। उन्होंने इस अवसर पर खिलाड़ियों को तैयार करने वाले सभी कोचों की मेहनत की सराहना की।