चौपाल (रोहड़ू)। विकास खंड चौपाल के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। चौपाल खंड ने पंचायती राज विभाग के जीपीडीपी लक्ष्य को पूरा करने में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। जीपीडीपी में ग्राम पंचायत विकास योजना बनाना और उसे स्वीकृत करवाने का लक्ष्य ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने दिया था। इसकी अंतिम तिथि 31 जनवरी तय की गई है। अभी तक मात्र तीन विकास खंड ने शत प्रतिशत जीपीडीपी लक्ष्य हासिल किया है। इसमें विकास खंड चौपाल ने प्रथम, विकास खंड धर्मपुर ने द्वितीय और सोलन विकास खंड ने तृतीय स्थान प्राप्त किया है। खंड विकास अधिकारी चौपाल विनीत ठाकुर ने कहा कि विकास खंड चौपाल की सभी 48 ग्राम पंचायतों ने यह कार्य पूर्ण किया है। चौपाल विकास खंड लक्ष्य प्राप्त करने में प्रथम स्थान पर रहा है। सभी पंचायतों के सहयोग से लक्ष्य पूरा हुआ है। विकास खंड की ओर से नेरवा में पुस्तकालय और चौपाल में हिमाचल प्रदेश का पहला प्लास्टिक पार्क भी बनाया गया है।