खबर का असर : राजकीय माध्यमिक विद्यालय आनस में हुई शिक्षिका की नियुक्ति
विज्ञापन
. स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को मिलेगा बेहतर शिक्षा का लाभ संवाद न्यूज़ एजेंसी
नित्थर
(कुल्लू)। नित्थर उपतहसील की देहरा पंचायत के राजकीय माध्यमिक विद्यालय आनस में नए शिक्षक की नियुक्ति हुई है। ऐसे में स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा का लाभ मिलेगा। यह स्कूल एक साल से एक शिक्षक शास्त्री के सहारे चल रहा था। इस वजह से विद्यालय में बच्चों की संख्या में काफी कमी देखने को मिली। एक ही शिक्षक सभी विषय को पढ़ा रहा था। महीने में एक दिन दूसरे स्कूल से प्रतिनियुक्ति पर शिक्षक आते थे। स्कूल में शिक्षकों की कमी के कारण छात्रों की पढ़ाई खासी प्रभावित हो रही थी। छात्रों के साथ अभिभावक भी परेशान थे। छात्रों की समस्याओं को देखते हुए अखबार में भी यह मामला प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। 22 सितंबर को अखबार में प्रदेशभर के सरकारी विद्यालयों को मिले 409 टीजीटी, आनस स्कूल को नहीं मिला एक भी शीर्षक से खबर छापी गई थी। इसका असर यह हुआ कि स्कूल में शिक्षक की नियुक्ति हुई है। टीजीटी आर्ट्स अनिता कुमारी की नियुक्ति हो गई है, जिससे स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की अच्छी शिक्षा मिलेगी। स्कूल को गोद लेने वाले मनजीत ठाकुर और एसएमसी कमेटी की प्रधान रमा देवी ने मिल्क फेडरेशन के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर सहित स्थानीय नेताओं का आभार व्यक्त किया है। उधर, स्कूल के शास्त्री लेखराज पराशर ने कहा है कि स्कूल में शिक्षक आने से फिर से विद्यालय को संवारने और नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की कोशिश करेंगे।