चौपाल (रोहड़ू)। विकास खंड चौपाल में खंड विकास अधिकारी विनीत ठाकुर ने बीपीएल परिवारों और लाभार्थियों के साथ एक विशेष संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम तीन सत्रों में हुआ, जिसमें करीब 300 बीपीएल परिवारों और लाभार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान लोगों की समस्याएं, शिकायतें, आवश्यकताएं और सुझाव सुने गए। विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में मौके पर ही आवश्यक जानकारी प्रदान की और मार्गदर्शन किया। लाभार्थियों की ओर से उठाए गए अधिकांश मामलों पर तुरंत निर्णय लिए गए और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।