राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अर्सू अब बनेगा राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल
.प्रदेश सरकार नेस्कूल को उन्नत करने की स्वीकृति प्रदान की
. विद्यालय में विद्यार्थियों को आधुनिक और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड (कुल्लू)। उपमंडल निरमंड के राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अर्सू को राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल बनाने की अधिसूचना जारी कर दी गई है। प्रदेश सरकार ने इस स्कूल को उन्नत करने की स्वीकृति प्रदान की है। इस निर्णय से अर्सू और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा होंगी। सरकार की स्वीकृति के बाद विद्यालय में विद्यार्थियों को आधुनिक और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलने के साथ-साथ आधारभूत ढांचे के विस्तार की भी उम्मीद है। इससे क्षेत्र के सैकड़ों विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा। स्थानीय लोगों ने अर्सू स्कूल को डे-बोर्डिंग स्कूल का दर्जा दिए जाने पर खुशी जताई है। उनका कहना है कि यह फैसला ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगा। बच्चों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और उन्हें शिक्षा के लिए दूरदराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा। क्षेत्रवासियों ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए सरकार और शिक्षा विभाग का आभार जताया है। लोगों को उम्मीद है कि विद्यालय में आवश्यक निर्माण कार्य और अन्य सुविधाओं का विकास जल्द किया जाएगा। इससे अर्सू स्कूल क्षेत्र में शिक्षा के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित होगा।