रिकांगपिओ (किन्नौर)। केंद्रीय विद्यालय रिकांगपिओ में सोमवार को एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया गया। इस दौरान छात्राओं को वैक्सीन लगाई गई, जो किसी कारणवश पहले टीकाकरण से वंचित रह गई थीं। टीकाकरण अभियान के लिए क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ की मेडिकल टीम विद्यालय पहुंची। टीम में मेडिकल ऑफिसर डॉ. नेहा, सुषमा नेगी, मनीषा नेगी और अरुणा नेगी शामिल रहीं। स्वास्थ्य टीम ने छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद सुरक्षित तरीके से टीकाकरण प्रक्रिया पूरी की। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव राणा ने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी है। विद्यालय प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का सहयोग के लिए आभार जताया।