कन्या स्कूल रामपुर में बॉक्सिंग के गुर सिखती छात्राएं। संवाद
समग्र शिक्षा अभियान के तहत सिखाए जा रहे आत्मरक्षा के गुर
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। पीएमश्री कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल रामपुर में समग्र शिक्षा अभियान के तहत रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में छात्राओं को जूडो, ताइक्वांडो, मुक्केबाजी और अन्य मार्शल आर्ट्स की तकनीक सिखाई जा रही है। मार्शल आर्ट के प्रशिक्षक कपिल चौहान छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दे रहे हैं। प्रशिक्षण में छठी से लेकर बारहवीं कक्षा तक की छात्राएं भाग ले रही हैं। स्कूल की शारीरिक शिक्षा के अध्यापिका सीता ने कहा कि स्कूल में छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में किसी भी छात्रा की कक्षा प्रभावित नहीं हो रही है। शारीरिक शिक्षा की कक्षा में ही छात्राओं को प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण में छात्रों को अपनी सुरक्षा स्वयं करने के बारे में जागरूक किया जा रहा है। सभी छात्राओं को इसका लाभ दिया जा रहा है। यह तकनीक छात्राओं को आगामी भविष्य में अपनी सुरक्षा करने में महत्वपूर्ण साबित होंगी। उन्होंने छात्राओं से इस तरह के प्रशिक्षण में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। प्रशिक्षक कपिल चौहान ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण छात्राओं को सशक्त बनाने में उपयोगी साबित होते हैं। छात्राओं को प्रशिक्षण में सिखाएं जा रहे सभी तकनीकों को ध्यान से सीखना होगा।