ठियोग उपमंडल के गिरीगंगा में मकर सकांति के स्नान को लेकर तैयारियां हुई शुरू। संवाद
सुरक्षा और यातायात के किए पुख्ता इंतजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। मकर संक्रांति पर ठियोग के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल गिरिगंगा तट पर पवित्र स्नान को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी हजारों श्रद्धालुओं के यहां पहुंचने की संभावना है। गिरिगंगा नदी के तट पर मकर संक्रांति के दिन होने वाले पवित्र स्नान के लिए प्रशासन और देवता कमेटी की ओर से संयुक्त रूप से आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। माघ की संक्रांति पर देवता भृगेश्वर के मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की जाती है और श्रद्धालु गिरिगंगा में स्नान कर पुण्य लाभ प्राप्त करते हैं। मंदिर कमेटी के प्रधान हरि राम भारद्वाज ने बताया कि आयोजन को लेकर प्रशासन के सहयोग से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गिरिगंगा के घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन के लिए अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ठियोग से गिरिगंगा तक अतिरिक्त बसें चलाने की व्यवस्था भी की जा रही है। मकर संक्रांति के दिन स्नान के बाद श्रद्धालु देवता भृगेश्वर मंदिर में दर्शन करेंगे। साथ ही भंडारे की भी व्यवस्था रहेगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अनुशासन बनाए रखें और निर्धारित नियमों का पालन कर आयोजन को शांतिपूर्ण और सफल बनाएं।