दो बार पुलिस रिमांड के बाद आरोपी को किया था न्यायालय में पेश
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। पंजीकरण एवं लाइसेंसिंग प्राधिकरण सोलन (आरएलए) में फर्जीवाड़े के मुख्य आरोपी गौरव भारद्वाज को पुलिस ने शुक्रवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपी को इससे पहले दो बार पुलिस ने रिमांड पर लिया था, जिसमें एक बार पांच दिन का और दूसरी बार तीन दिन की रिमांड दिया गया था। वहीं अब आरोपी से पूछताछ पूरी कर ली है। आरोपी की पूछताछ में जो खुलासे हुए हैं अब पुलिस उनके आधार पर आगामी जांच को आगे बढ़ाएगी। बताया जा रहा है कि इसमें अभी और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। साथ ही इसमें कई फर्जी तरीके से पंजीकृत वाहनों को भी कब्जे में लिया जा सकता है। उधर, एसपी सोलन टीएसडी वर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आगामी जांच जारी है।