घरों से 75 रुपये, व्यापारिक संस्थानों से 150 रुपये, होटल-रेस्टोरेंट से 200 रुपये मासिक शुल्क लिया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। आनी बाजार और आसपास के कस्बे से 1 अप्रैल बुधवार से घरद्वार से कूड़ा उठाया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी शोभला क्लस्टर कमेटी को सौंपी गई है, जो पूरे क्षेत्र में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करेगी। आनी के एसडीएम लक्ष्मण सिंह कनेट ने बताया कि इस योजना के तहत हर घर से नियमित रूप से कूड़ा एकत्रित किया जाएगा। प्लास्टिक कचरे को अलग से इकट्ठा कर पंचायत घर या किराये के स्टोर में रखा जाएगा, जबकि गीले कचरे के निस्तारण के लिए निर्धारित स्थानों पर गड्ढों की व्यवस्था की जाएगी। घरों से 75 रुपये, व्यापारिक संस्थानों से 150 रुपये और होटल-रेस्टोरेंट से 200 रुपये मासिक सफाई शुल्क निर्धारित किया गया है। एसडीएम ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के मॉडल बायलॉज 2025 के तहत तय किए गए शुल्क को सख्ती से एकत्रित किया जाएगा और यह राशि कमेटी के खाते में जमा होगी। कमेटी को कूड़ा प्रबंधन के लिए आवश्यक संसाधन जुटाने, वाहन किराये पर लेने, मजदूरों की नियुक्ति करने और कचरे के उचित निस्तारण की पूरी जिम्मेदारी दी गई है। कमेटी हर महीने अपनी कार्य रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी, जिसकी नियमित समीक्षा प्रशासन की ओर से की जाएगी। इस क्लस्टर में ग्राम पंचायत आनी, बखनाओ, नम्होग, कराणा-1 और कुंगश के वे क्षेत्र शामिल किए गए हैं, जो बाजार से जुड़े हैं। घरों और किरायेदारों का डेटा तैयार करने, कचरे को घर स्तर पर गीला और सूखा अलग-अलग रखने और नियमित संग्रहण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। वर्तमान में पंचायतों में निर्वाचित प्रतिनिधि न होने के कारण खंड विकास अधिकारी को प्रशासक की शक्तियां प्रदान की गई हैं। ऐसे में नई पंचायतों के गठन तक इस अभियान को सुचारु रूप से चलाने के लिए विशेष कमेटी को अधिकृत किया गया है। इस कमेटी में खंड विकास अधिकारी को अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अतिरिक्त, स्कूलों के ईको क्लब और एनएसएस यूनिट्स के सहयोग से समय-समय पर विशेष सफाई अभियान भी चलाए जाएंगे। आम जनता को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए चालान किया जाएगा।