नेरवा (रोहड़ू)। फ्रेंड्स क्लब मालत ने गरीब परिवार से संंबंधित किडनी रोग से ग्रस्त युवक को आर्थिक सहायता प्रदान की है। उपमंडल कुपवी की कोठी-आहनोग पंचायत के कोठी के निवासी सुनील कुमार क्रोटा, पुत्र आत्मा राम क्रोटा की दोनों किडनियां खराब हो चुकी हैं। युवक का इलाज पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा है। आर्थिक रूप से सक्षम न होने के कारण युवक के परिवार ने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी इलाज पर लगा दी। सारी जमा पूंजी लगा देने के बाद परिवार ने सोशल मीडिया पर आर्थिक रूप से मदद की अपील की। परिवार की अपील पर फ्रेंड्स क्लब के सदस्यों ने 23,207 रुपये की राशि एकत्रित कर परिवार के बैंक खाते में जमा करवा दी है। गौर हो कि दो साल में फ्रेंड्स क्लब मालत 60,000 रुपये की राशि जरूरतमंद लोगों को प्रदान कर चुका है।