चौपाल में स्वास्थ्य शिविर के दौरान अपनी बारी का इंतजार करते लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू) । तहसील परिसर चौपाल में हिमाचल ठोडा खेल एवं संस्कृतिक संघ के तत्वावधान और चूड़ेश्वर सेवा समिति के सहयोग से रविवार को निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगा। शिविर में सुबह से लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। शिविर का शुभारंभ पूर्व जिला परिषद सदस्य अनीता किमटा ने किया। शिविर के दौरान एसडीएम चौपाल हेमचंद वर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। एक दिवसीय शिविर में बहुप्रतिष्ठित एवं शीर्ष संस्थान महर्षि मार्कंडेश्वर चिकित्सा विश्व विद्यालय (सुलतानपूर) सोलन के नेत्र रोग, आंख, नाक, कान, गला रोग, आंतरिक चिकित्सा, शल्य चिकित्सा, हड्डी रोग, प्रसूति एवं स्त्री रोग, शिशु रोग विशेषज्ञों ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। इस दौरान पूरा दिन करीब 700 रोगियों की जांच की गई। डाॅक्टरों की सलाह के अनुसार मरीजों को मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं। इस शिविर में महर्षि मार्कंडेश्वर चिकित्सा विश्व विद्यालय (सुलतानपूर) सोलन के प्रिंसिपल आर सी शर्मा, एमएस डॉ. मनप्रीत सिंह नंदा, हिमाचल ठोडा एवं सांस्कृतिक संघ के महासचिव ओपी मेहता, रविंद्र चौहान, नरवीर दिलाइक, जगदीश जिंटा और प्रताप नेगी भी उपस्थित रहे ।