भावानगर (किन्नौर)। जिला किन्नौर की रूपी वैली में 14 मई से क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें खूब चौके-छक्के बरसेंगे। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम और महिला रस्साकशी स्पर्धा भी होगी।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर टीकेवाईएम युवक मंडल रूपी ने बैठक कर रूपरेखा तैयार की। युवक मंडल के अध्यक्ष जीत खोजान ने कहा कि बैठक में पंचायत स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करने का फैसला लिया गया। यह प्रतियोगिता हितेश नेगी, जितेंद्र नेगी और अमित नेगी की याद में आयोजित होगी।
क्रिकेट प्रतियोगिता की विजेता टीम को 55,000 रुपये एवं ट्रॉफी और उपविजेता टीम को 25,000 रुपये एवं ट्रॉफी से नवाजा जाएगा। कहा कि क्रिकेट प्रतियोगिता के अलावा बैठक में महिला रस्साकशी प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
इसमें महिलाएं प्रदेश की संस्कृति को संजोने का संदेश देंगी। लोक नृत्य में प्रथम स्थान हासिल करने वाली टीम को 21,000 एवं ट्रॉफी, दूसरे स्थान पर 11,000 एवं ट्रॉफी और तीसरा स्थान हासिल करने वाली टीम को 5,000 की नकद राशि एवं ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर सलाहकार अनिल राजेल, सचिव संजीव खोजन और कोषाध्यक्ष राजिंद्र खोजान सहित कई अन्य युवा मौजूद रहे। संवाद