डीएवी स्कूल कुमारसैन के राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित विद्यार्थी शिक्षकों के साथ।
खो-खो और क्रिकेट में कुमारसैन स्कूल का राष्ट्रीय स्तर पर करेंगे प्रतिनिधित्व
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। डीएवी वरिष्ठ माध्यमिक पब्लिक स्कूल कुमारसैन के चार विद्यार्थियों का चयन डीएवी अंडर-19 राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ। राष्ट्रीय प्रतियोगिता 24 से 26 अक्तूबर को दिल्ली एनसीआर में आयोजित की जाएगी। स्कूल के वीरेंद्र, यांशिका और प्रांजल खो-खो प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। कृतिका क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेंगी। चारों विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन, खेल प्रतिभा और निरंतर अभ्यास के दम पर राष्ट्रीय स्तर के लिए स्थान हासिल किया है। विद्यार्थियों के चयन से विद्यालय के शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। विद्यालय प्रबंधन ने चारों खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में पूरे आत्मविश्वास, साहस और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने की अपील की। प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि चारों खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।