नित्थर (कुल्लू)। वीनस पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल नित्थर के चार विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय विज्ञान प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। तीन अलग-अलग प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने पर चारों विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। कनिष्ठ विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अगस्त्य चौहान और अयाना राठौर ने जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया। कनिष्ठ विज्ञान गतिविधि प्रतियोगिता में आस्था ठाकुर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह पक्की की। इसके अलावा वरिष्ठ विज्ञान गतिविधि प्रतियोगिता में संगम शर्मा ने जिला स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक सुरेश ठाकुर और प्रधानाचार्य बबलेश ठाकुर ने उन्हें बधाई दी है।