ठियोग में पूर्व कांग्रेस नेता जेबीएल खाची के पुत्र विजय पॉल खाची नामांकन भरने जाते हुए।
- फोटो : RAMPUR-HP
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग विस क्षेत्र से मंगलवार को बतौर निर्दलीय प्रत्याशी इंदु वर्मा और विजयपाल खाची और रोशन लाल ने पर्चे दाखिल किए। इसके अलावा आम आदमी पार्टी से अतर सिंह चंदेल ने नामांकन दाखिल किया है। मंगलवार को पूर्व कांग्रेस नेता स्वर्गीय जय बिहारी लाल खाची के पुत्र ने अपना पर्चा भरकर पार्टी से विद्रोह का बिगुल बजा दिया है।
खाची के साथ बड़ी संख्या में उनके समर्थक ढोल नगाड़ों के साथ ठियोग पहुंचे थे। नामांकन के बाद खाची के समर्थकों ने नगर में जुलूस भी निकाला। विजयपाल खाची ने कहा कि पार्टी ने उनके पिता के देहांत के बाद से लगातार उनकी उपेक्षा की है। वह समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए चुनावों में उतरे हैं। वहीं इंदु वर्मा ने भी अपना नामांकन अपने कुछ प्रमुख समर्थकों के साथ किया।
उन्होंने कहा कि वह अपने दिवंगत पति राकेश वर्मा के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए चुनाव लड़ रही हैं। वर्मा के साथ ठियोग-कुमारसैन की जनता हमेशा रही है, क्योंकि उन्होंने गांवों में सड़कों और अन्य विकास के कार्यों में अपना जीवन लगा दिया। आम आदमी पार्टी की ओर से नौणी विवि के पूर्व अधिकारी प्रो. अत्तर सिंह चंदेल ने पर्चा भरा। उन्होंने कहा कि वह अपने नेता केजरीवाल के कामों और उनके विजन को लेकर जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने बताया की बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, मूलभूत सुविधाओं को जनता तक पहुंचाने के लिए आम आदमी पार्टी देश में जानी जा रही है। वहीं एक अन्य निर्दलीय प्रत्याशी रोशन लाल ने भी नामांकन भरा है।
इससे पहले भी वह विधानसभा चुनावों में दो बार चुनाव लड़ चुके हैं। नामांकन के आखिरी दिन कुल चार नामांकन भरे गए हैं। इसके बाद ठियोग विधानसभा क्षेत्र से कुल नौ नामांकन दाखिल हुए हैं। कांग्रेस को बागी उम्मीदवारों से काफी झटका लगा है। हालांकि 29 अक्तूबर को नाम वापसी के बाद ही प्रत्याशियों को लेकर स्थिति साफ हो पाएगी। इस मौके पर अध्यक्ष तिलक राज जिहान, उपाध्यक्ष राजेंद्र जिहान, सचिव जोगेंद्र मजटू, कोषाध्यक्ष गोपाल सिंह राणा, भंडारी दर्शन दास खोश, प्रवक्ता हरीश भलूनी और दिगू मजटू सहित अन्य मौजूद रहे।