सेरीपुल के समीप हादसाग्रस्त ऑटो फाईल फोटो
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। उपतहसील तकलेच के तहत सेरीपुल के समीप जंगल में एक नर कंकाल मिला है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त ऑटो मिलने का मामला भी प्रकाश में आया है। नर कंकाल ऑटो चालक मोहम्मद यूसुफ का है। चालक यूसुफ 20 अक्तूबर 2022 को ऑटो सहित गायब हो गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार एक व्यक्ति मुक्ती मोहम्मद सेरीपुल के पास जंगल में मवेशियों को चारा लाने गया था। इस दौरान उसने देखा कि एक ऑटो रिक्शा सड़क से नीचे गिरा था। ऑटो नंबर एचपी 50-0659 और कुछ ही दूरी पर एक मानव कंकाल भी पड़ा है, इसकी सूचना उसने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।
नर कंकाल की पहचान मोहम्मद यूसुफ (55) पुत्र गालम कादर, निवासी कुटू नाल, डाकघर नोगली, तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है। यह ऑटो चालक मुक्ति मोहम्मद का मामा है। उसने पुलिस को बताया कि 20 अक्तूबर 2022 को मोहम्मद यूसुफ ऑटो रिक्शा लेकर कहीं चला गया था। ऐसे में सोमवार देर शाम को उसका कंकाल और ऑटो सेरीपुल के समीप जंगल में मिला। उधर, मामले की पुष्टि डीएसपी रामपुर चंद्रशेखर ने की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।