संवाद न्यूज एजेंसी
दलाश (कुल्लू)। सड़क दुर्घटना में आनी भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष योगेश परमार की मौत हो गई। यह हादसा दलाश से तीन किलोमीटर दूर बारवी में हुआ। बुधवार रात को योगेश परमार अपनी कार में आनी से अपने घर जाबन वैली की ओर जा रहे थे। जैसे ही बारवी के पास पहुंचे, तो कार अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकरा गई और सड़क पर पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस का दल मौके पर पहुंचा और चालक को कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी से बाहर निकाला। घायल चालक को आनी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। वीरवार को आनी अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस ने कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आनी के डीएसपी चंद्रशेखर कायथ ने बताया कि सड़क हादसे में चालक की मौत हो गई है। हादसे की छानबीन कर रही है। आनी के एसडीएम लक्ष्मण सिंह कनेट ने बताया कि मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि जारी की गई है।