चौपाल प्रवास के दौरान एक निजी कार्यक्रम में सुंरेंद्र चौहान के परिवार के साथ पूर्व संसद विरेंद
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू) । जिला शिमला के पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप ने चौपाल प्रवास के दौरान कांग्रेस सरकार की आलोचना की। कश्यप ने कहा की यह सरकार अपने फिजूल खर्च को चलाने के लिए कर्ज पर कर्ज लिए जा रही है। सरकार के पास जनता के कार्य को करने के लिए कोई पैसा नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित नहीं कर पा रही है कि प्रदेश के विकास को कैसे आगे बढ़ाया जाए। चौपाल में वीरेंद्र कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं के सहारे यह सरकार चल रही है। मुख्यमंत्री खुद समन्वय नहीं बैठा पा रहे हैं। वह केंद्र सरकार का धन्यवाद करने की बजाय सरकार की आलोचना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चौपाल के साथ पूरे प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं, लेकिन मुख्यमंत्री अपने मित्रों को फायदा देने के लिए कैबिनेट रैंक बांट रहे हैं। कश्यप ने कहा कि प्रदेश में मनरेगा के तहत अरबों रुपये केंद्र की योजनाओं के अंतर्गत मिल रहे हैं। पीएमजीएसवाई योजना के अंतर्गत ग्रामीण और शहरों की सड़कों को बनाने का कार्य जोरों पर चला हुआ है। इसका श्रेय मात्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। कश्यप ने कहा कि भाजपा संगठन की ओर से केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को गांव और गरीब परिवारों के घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि उनके परिवारों को आर्थिक सहायता के साथ-साथ रोजगार भी उपलब्ध हो सके।