रामपुर बुशहर। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले को लेकर मंगलवार को एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में फंड कलेक्शन सब कमेटी का गठन किया गया। इसमें राज्य कर एवं आबकारी विभाग रामपुर, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, भार एवं माप विभाग, खनन विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और जिला पर्यटन विभाग के अधिकारियों को शामिल किया गया। हर्ष अमरेंद्र सिंह ने सब कमेटी को निर्देश दिए कि मेला आयोजन समिति की ओर से निर्धारित लक्ष्य के अनुसार मेला टिकटों की बिक्री एवं फंड कलेक्शन कार्य को समयबद्ध, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व पूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। बैठक में तहसीलदार ननखरी अनिल शर्मा, नायब तहसीलदार अनमोल शर्मा, सहायक अभियंता एनएचएआई प्रदीप कुमार, सहायक आयुक्त (राज्य कर एवं आबकारी) तरसेन शर्मा, आबकारी अधिकारी नूतन ठाकुर, सहायक माइनिंग इंस्पेक्टर कृष्ण लाल, लोकेश कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।