निरमंड उपमंडल की ठारला बीट के बनागी जंगल में लगी आग से फैला धुंआ ही धुंआ। संवाद
ठारला बीट के बनागी जंगल में आग से करोड़ों की वन संपदा राख
. दो दिन से धधक रहा जंगल, ग्रामीणों के आग पर काबू पाने के प्रयास जारी
. वन विभाग की कार्रवाई हो रही पंगु साबित, लगातार धधक रहे क्षेत्र के जंगल
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड (कुल्लू)।
धधकते जंगल, नियम धुआं, वन संपदा राख और खतरे के साये में वन्य जीव। अभी तक यह हालात नहीं बदल रहे हैं। जंगलों में आग तबाही मचा रही है, वहीं आग से सुरक्षा को लेकर वन विभाग की योजना भी कारगर साबित नहीं हो रही है और करोड़ों की वन संपदा लगातार राख हो रही है। वन मंडल लूहरी के वन वृत्त केंद्र बागा सराहन की ठारला बीट के बनागी के जंगल में पिछले दो दिन से आग सुलग रही है। तेज हवा और सूखे घास के चलते आग एकाएक पूरे जंगल को अपनी चपेट में ले रही है। तेज गति से फैल रही आग पर काबू पाना वन विभाग और ग्रामीणों के लिए चुनौती बना हुआ है। बुधवार को शरारती तत्वों ने जंगल में आग लगा दी। हालांकि, आग लगाने वालों का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। वन विभाग छानबीन कर रहा है। बुधवार को जब जंगल में आग भड़की, तो वन विभाग की टीम आग पर काबू पाने के लिए मौके के लिए रवाना हुई। देर रात तक मौके पर ही आग पर काबू पाने की कोशिश जारी रही, लेकिन रात को आग की लपटों ने तेजी से रफ्तार पकड़ ली। वीरवार सुबह तक पूरे इलाके में धुआं फैला हुआ था। वन विभाग के बीओ जितेंद्र वर्मा ने बताया कि वन रक्षक और स्थानीय लोग मौके पर आग पर काबू पाने में जुटे हैं, लेकिन तेज हवा और सूखी घास के कारण आग भयंकर रूप ले रही है, जिसपर काबू पाना मुश्किल हो रहा है। वन विभाग आग लगने के कारणों की छानबीन कर रही है। आग लगने वालों शरारती तत्वों की बख्शा नहीं जाएगा और सख्ती से कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से आग बुझाने की अपील की है।