27वीं हिमाचल प्रदेश वन खेलकूद प्रतियोगिता की तैयारियां की तेज
विज्ञापन
अरण्यपाल ने स्वयं श्रमदान कर खेल मैदान को तैयार करने का कार्य किया शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
रामपुर में श्रमदान से मैदान तैयार हो रहा है। 11 अगस्त से वन विभाग के कर्मचारी खेलों में दमखम दिखाएंगे। हिमाचल प्रदेश वन विभाग की ओर से 11 से 13 सितंबर तक रामपुर में 27वीं हिमाचल प्रदेश वन खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को राजकीय महाविद्यालय खेल मैदान पाटबंगला में श्रमदान अभियान चलाया गया। अरण्यपाल रामपुर वन वृत्त सीबी तहसीलदार स्वयं मौके पर उपस्थित रहे। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर मैदान में पड़े पत्थरों और मलबे को हटाया। मैदान को समतल बनाने के कार्य का नेतृत्व किया। उन्होंने पूरे समय स्वयं श्रमदान करते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन भी किया। इस श्रमदान अभियान में उप अरण्यपाल रामपुर गुरहर्ष सिंह, रामपुर, किन्नौर, आनी एवं कोटगढ़ वन मंडलों के वन परिक्षेत्र अधिकारी, खंड वन अधिकारी, वन रक्षक, अन्य क्षेत्रीय कर्मचारी सहित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भी अरण्यपाल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर मैदान को प्रतियोगिता के लिए तैयार करने में जुटे रहे। वन विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से मैदान की सफाई की। पत्थर एवं मलबा हटाने सहित समतलीकरण का कार्य किया। 23 साल के अंतराल के बाद रामपुर को इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। वन विभाग इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से कर रहा है।
वन विभाग की खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए संवारा जा रहा पीजी कॉलेज मैदान। संवाद