पलेही पंचायत के खोबड़ी खड्ड रहची सड़क मार्ग के साथ जंगल में लगी आग। संवाद
. मंगलवार शाम को लगी आग पूरी रात सुलगती रही, चीड़ के पौधों और ग्रामीणों के घास को नुकसान
. वन विभाग ने आग पर पाया काबू, आग लगने के कारणों का नहीं चला पता
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। नित्थर उपतहसील की पलेही पंचायत के खोबड़ी खड्ड-रहची सड़क के साथ लगते जंगल में मंगलवार शाम को आग लगने से वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है। आग की चपेट में आने से चीड़ के कई छोटे-बड़े पेड़ जलकर राख हो गए। इसके अलावा कई ग्रामीणों के घास को भी नुकसान पहुंचा है। आग पूरी रात सुलगती रही, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार आग से जंगल में मौजूद वन संपदा को काफी नुकसान पहुंचा है। कई छोटे पेड़ पूरी तरह जल गए। वन्यजीवों के भी हताहत होने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में बार-बार आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इन घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। ग्रामीणों ने चिंता जताई कि जंगलों में लगातार लग रही आग से प्राकृतिक संपदा को नुकसान पहुंच रहा है। साथ ही पूरे क्षेत्र का पर्यावरण प्रभावित हो रहा है। जंगलों में नमी कम होने और वन संपदा नष्ट होने का खामियाजा स्थानीय लोगों को भी भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने वन विभाग से आग लगने की घटनाओं पर अंकुश लगाने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है। उधर, इस संबंध में रेंज ऑफिसर सोहन लाल नेगी ने बताया कि जंगल में लगी आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।