वन विभाग ने ग्रामीणों को किया जागरूक, वनों को आग से बचाने का आह्वान
विज्ञापन
पंचायत स्तर पर वनों को आग से बचाने के बारे में जागरूक करेगा वन विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए वनों को आग से बचाना बहुत जरूरी है। इसी को लेकर वन विभाग इन दिनों पंचायत स्तर पर ग्रामीणों को जागरूक कर रहा है। वन विभाग ने सभी लोगों को वनों को आग से बचाने के लिए आगे आने का आह्वान किया। रविवार को ननखड़ी तहसील की देलठ, थैली चक्ट्टी और ननखड़ी रेंज में वन विभाग ने जागरुकता शिविर लगाया। इस शिवर में ग्राम थुआ, पनेल, बनोगा और नागाधार के ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर में वन विभाग ने ऊपरी क्षेत्र में ग्रामीणों को वनों को आग से बचाने के उपाय बताए गए, ताकि वन संपदा को कोई नुकसान न पहुंचे। डीएफओ रामपुर रामपुर गुरहर्ष सिंह ने ग्रामीणों को बताया कि जंगलों के समीप जिनके बगीचे हैं, वे सभी सेब की टहनियों को न जलाएं, बल्कि उनको गड्ढे में डालकर उनका गोबर बनाएं, ताकि वह बगीचे में काम आए। उन्होंने कहा कि जंगल के साथ लगतीं घासनियों में भी ग्रामीण आग न लगाएं। उन्होंने वन में आग लगने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करने और जंगलों को आग से बचाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि 9 और 10 दिसंबर को ग्रामसभा में भी वन विभाग की ओर से लोगों को जागरूक किया जाएगा। वन विभाग की ओर से हर पंचायत में ग्राम सभा में जंगलों को आग से बचाने के बारे में जानकारी दी जाएगी, ताकि वन संपदा को बचाया जा सके। ग्रामीणों ने वन विभाग को भरपूर सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस मौके पर वन रक्षक विनोज नेगी, अमीन कुमार, पूर्व प्रधान भूपेंद्र दड़ेल, संजीव कुमार, प्रदीप ठाकुर, संजीव चौहान, दयाल, चंद्र कुमार, अजय, पंकज कुमार, देवेंद्र सहित अन्य मौजूद रहे।