वन विभाग कोटखाई बरसात को लेकर तैयारी में जुटा
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई(रोहड़ू)। जहां एक और इस बार मौसम की बेरुखी से हर कोई परेशान है, वहीं दूसरी ओर वन विभाग कोटखाई इससे बचने के लिए उचित प्रयास करने जा रहा है। वन विभाग कोटखाई के वन परिक्षेत्र अधिकारी रणजित सिंह कंवर ने बताया कि वन विभाग कोटखाई की ओर से बरसात के लिए स्वयं सहायता समूहों, महिला मंडल, युवक मंडल और पंचायतों को मुफ्त में जंगली पौधे उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसके लिए स्वयं सहायता समूह, पंचायत प्रतिनिधि वन मंडल ठियोग में प्रार्थना पत्र देकर पौधों की बुकिंग करवा सकता है। कुछ पौधे कोटखाई से उपलब्ध करवाए जाएंगे और ज्यादा मात्रा के लिए ठियोग के सैंज मे लगी नर्सरी से पौधे लोगों को उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वन विभाग की ओर से चेक डैम बनाने के भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि ऐसे सुखे में आग न लगाए ताकि वन संपदा को नुकसान होने से बचाया जा सके ।