सच्चाई सामने आने के बाद झूठ फैलाने वाले कांग्रेसी नेता की बोलती हुई बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष गोपाल जबैईक ने कहा कि केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के बयान से साफ हो गया है कि विदेशी सेब से हिमाचल प्रदेश के बागवानों को कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि जो बात भाजपा नेता चेतन बरागटा ने चार जुलाई 2025 को कही, वह आज सौ फीसदी सच साबित हो चुकी है। जबैईक ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय कांग्रेस के नेता लगातार झूठ फैलाते रहे, लेकिन आज सच्चाई सामने आने के बाद उनकी बोलती बंद हो गई है। उन्होंने दोहराया कि चेतन बरागटा बागवानों के सच्चे, निडर और संघर्षशील नेता थे, हैं और हमेशा रहेंगे। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार ने बागवानों के हितों को सुरक्षित रखते हुए यूरोपीय यूनियन (ईयू) से आयात होने वाले सेब पर 80 रुपये प्रति किलो का न्यूनतम आयात मूल्य (एमआईपी) पूरी तरह लागू रखा है। इसके चलते किसी भी स्थिति में यूरोपीय सेब की लैंडेड कीमत 96 रुपये प्रति किलो से कम नहीं हो सकती। जबैईक ने कहा कि न्यूजीलैंड से आयात होने वाले सेब पर इससे भी अधिक एमआईपी लागू है, जिसकी लैंडेड कीमत लगभग 140 रुपये प्रति किलो रहती है। ऐसे में यह स्पष्ट है कि विदेशी सेब केवल प्रीमियम श्रेणी में ही बिकते हैं और हिमाचल के सेब से सस्ते नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के सेब बागवान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के आभारी हैं, जिन्होंने बागवानों के हितों की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की स्पष्ट नीति और पीयूष गोयल के ठोस फैसलों के कारण ही एमआईपी, कोटा और सेफगार्ड जैसे प्रावधान मजबूती से लागू हैं, जिससे हिमाचल के बागवानों का भविष्य सुरक्षित हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार आगे भी बागवानों के हितों से कोई समझौता नहीं करेगी।